जुर्माना कम कराने के नाम पर 15 हजार की रिश्वत लेते बाबू गिरफ्तार,एसीबी की कार्रवाई
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कलेक्ट्रेट कार्यालय में पदस्थ एक लिपिक को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी लिपिक का नाम विजय पांडेय बताया जा रहा है, जो अतिरिक्त न्यायालय जिला दंडाधिकारी कार्यालय, कलेक्ट्रेट बिलासपुर में पदस्थ है। जानकारी के अनुसार कोटा निवासी देवेंद्र कश्यप के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था। आरोप है कि उक्त जुर्माने की राशि कम करवाने के एवज में लिपिक विजय पांडेय ने 15 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। पीड़ित देवेंद्र कश्यप ने इसकी शिकायत एसीबी से की। शिकायत की पुष्टि होने के बाद एसीबी की टीम ने कलेक्ट्रेट परिसर में जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार जैसे ही आरोपी लिपिक ने शिकायतकर्ता से 15 हजार रुपये रिश्वत के तौर पर लिए, पहले से तैनात एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में हड़कंप मच गया। एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। इस कार्रवाई को प्रशासनिक तंत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


