तखतपुर की घटना मां की गिरफ्तारी के सदमे में युवक ने फांसी लगाकर दी जान

तखतपुर। थाना क्षेत्र में दर्ज फर्जीवाड़े के एक मामले में मां की गिरफ्तारी से आहत 20 वर्षीय युवक ने घर पहुंचकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम चना डोंगरी निवासी कमलेश श्रीवास (20 वर्ष), पिता स्व. पुरुषोत्तम श्रीवास, शुक्रवार दोपहर अपनी मां उर्वशी श्रीवास के साथ थाना तखतपुर गया था। आपदा राहत योजना के तहत प्राप्त राशि से जुड़े एक प्रकरण में बयान दर्ज कराने के लिए दोनों को थाने बुलाया गया था। बताया जा रहा है कि थाने में विवेचक द्वारा कमलेश को उसकी मां की गिरफ्तारी की सूचना दी गई, जिससे वह गहरे सदमे में आ गया। इसके बाद वह मां से “अभी वापस आता हूं” कहकर घर लौट आया और घर के छज्जे में लगे पाइप से गमछे के सहारे फांसी लगा ली। कमलेश की मानसिक स्थिति को देखते हुए पड़ोसियों को किसी अनहोनी की आशंका हुई, जिस पर डायल 112 को सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फर्जीवाड़े के मामले में मां की गिरफ्तारी जानकारी के मुताबिक कमलेश के पिता पुरुषोत्तम श्रीवास की मृत्यु लकवे से हुई थी। आरोप है कि आपदा राहत योजना से राशि दिलाने के नाम पर सक्रिय एक गिरोह के सदस्य ने मृतक की मौत सर्पदंश से दर्शाकर चार लाख रुपये की सहायता राशि दिलाने का झांसा दिया। बताया गया कि महिला के भाई ईश्वर श्रीवास के माध्यम से संपर्क कर उर्वशी श्रीवास के हस्ताक्षर लिए गए और कथित वकील द्वारा फर्जी दस्तावेज तैयार कर राशि निकाल ली गई। इसमें से उर्वशी को मात्र 50 हजार रुपये मिले, जबकि बाकी रकम गिरोह के लोगों में बांट दी गई। मामले की जांच में मर्ग इंटीमेशन, तहसीलदार के हस्ताक्षर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट फर्जी पाए गए। इसके बाद कलेक्टर के निर्देश पर तहसीलदार द्वारा थाना तखतपुर में प्रकरण दर्ज कराया गया। इसी मामले में जांच और बयान के लिए महिला को बुलाया गया था, जहां पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मां की गिरफ्तारी से व्यथित कमलेश ने घर लौटकर आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और स्तब्धता का माहौल है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Feb 21, 2026 - 14:41
 0  15
💬 WhatsApp पर शेयर करें
तखतपुर की घटना मां की गिरफ्तारी के सदमे में युवक ने फांसी लगाकर दी जान

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0