दीपका थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली हत्या का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
कोरबा। दीपका थाना क्षेत्र के नागिन झोपड़ी बस्ती में शुक्रवार देर शाम हुई सनसनीखेज हत्या की गुत्थी पुलिस ने कुछ ही घंटों में सुलझा ली है। 24 वर्षीय युवती रानू साहू की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी राहुल जोगी (26) को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच आपसी विवाद के चलते वारदात को अंजाम दिया गया।पुलिस के अनुसार घटना के समय रानू साहू घर में अकेली थी। उसके माता-पिता घर से बाहर गए हुए थे। शाम करीब 7 बजे जब परिजन घर लौटे तो कमरे के भीतर रानू का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। यह दृश्य देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और तत्काल दीपका थाना पुलिस को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का मुआयना किया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड को भी जांच में शामिल किया गया, जिन्होंने अहम सुराग जुटाए।पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी राहुल जोगी, निवासी नुनगरा–बांधाखार, पेशे से ट्रक चालक है और मृतका को पहले से जानता था। किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। गुस्से में आकर आरोपी ने रानू के घर पहुंचकर धारदार हथियार से सिर पर हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने डॉग स्क्वॉड और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कुछ ही घंटों में हरदीबाजार–दीपका बायपास बाघा बॉर्डर रोड पर खड़ी उसकी ट्रक से उसे गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी वहीं आराम से सो रहा था।फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का आधिकारिक खुलासा किया जाएगा। मृतका रानू साहू अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


