नए श्रम कानूनों के खिलाफ देशव्यापी हड़ताल बिलासपुर में जोरदार प्रदर्शन, नेहरू चौक पर गूंजे विरोध के नारे
बिलासपुर। केंद्र सरकार के नए श्रम कानूनों और सार्वजनिक उपक्रमों के निजीकरण के विरोध में बुधवार को देशभर में ट्रेड यूनियनों द्वारा आहूत हड़ताल का असर बिलासपुर में भी व्यापक रूप से देखने को मिला। शहर में बड़ी संख्या में श्रमिक, कर्मचारी और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी सड़कों पर उतरे और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। बिलासपुर के नेहरू चौक के पास विभिन्न श्रमिक संगठनों के सदस्य एकत्रित हुए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए नए श्रम कानूनों को वापस लेने की मांग की। प्रदर्शन में शामिल नेताओं का कहना था कि नए कानूनों से श्रमिकों के संगठन बनाने का अधिकार, सामूहिक सौदेबाजी की ताकत और 8 घंटे कार्यदिवस की व्यवस्था कमजोर हो रही है, जिससे श्रमिक हितों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। प्रदर्शन के दौरान सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक, बीमा कंपनियों और अन्य उपक्रमों के निजीकरण पर भी कड़ा विरोध जताया गया। वक्ताओं ने कहा कि निजीकरण की नीति से रोजगार के अवसर घटेंगे और सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित होगी। यह हड़ताल देश की 10 प्रमुख केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और 100 से अधिक संगठनों के संयुक्त आह्वान पर की गई है। संयुक्त किसान मोर्चा और कांग्रेस पार्टी ने भी इस आंदोलन को समर्थन दिया है, जिससे आंदोलन को और बल मिला है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। फिलहाल शहर में हड़ताल को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही और स्थिति शांतिपूर्ण बनी रही।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


