मातृशक्ति सम्मान समारोह में आठ प्रेरणादायी माताओं का हुआ अभिनंदन
बिलासपुर। अंतर्राष्ट्रीय मातृ दिवस के अवसर पर वन्दे मातरम् मित्र मंडल की 248वीं साप्ताहिक बैठक होटल रेवेनस, बिलासपुर में गरिमामय वातावरण में आयोजित की गई। कार्यक्रम में समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण एवं संस्कार निर्माण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली आठ मातृशक्तियों का सम्मान किया गया। समारोह की मुख्य अतिथि देश की प्रख्यात विदुषी आचार्या डॉ. पुष्पा दीक्षित रहीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता तेजस्विनी छात्रावास की संचालिका एवं राष्ट्र सेविका समिति की अखिल भारतीय सह-कार्यवाहिका सुश्री सुलभा ताई देशपांडे ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती दीपमाला कश्यप तथा समाज सेविका डॉ. संजना तिवारी उपस्थित रहीं। वन्दे मातरम् मित्र मंडल के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र जैन ने बताया कि मंडल पिछले साढ़े चार वर्षों से हिन्दुत्व एवं समाज सेवा के क्षेत्र में निःस्वार्थ भाव से कार्य कर रहा है। मातृ दिवस के अवसर पर उन महिलाओं का सम्मान किया गया, जिन्होंने पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ समाज के वंचित एवं अनाथ बच्चों को अपनाकर उनके जीवन को नई दिशा दी। सम्मानित मातृशक्तियों में श्रीमती विजय लक्ष्मी मिश्रा, श्रीमती सीता देवी मिश्रा, श्रीमती ममता मिश्रा, श्रीमती उषा किरण बाजपेयी, श्रीमती शोभा त्रिपाठी, डॉ. प्रेमलता येनडे, श्रीमती रूपा सिंह एवं श्रीमती आराधना त्रिपाठी शामिल रहीं। इन सभी महिलाओं ने अनाथ बालिकाओं के पालन-पोषण, निर्धन कन्याओं के विवाह, विधिक सहायता, महिला स्वास्थ्य जागरूकता और कैंसर पीड़ित महिलाओं की सहायता जैसे कार्यों के माध्यम से समाज में प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किए हैं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. संजना तिवारी ने कहा कि माँ का सम्मान भारतीय संस्कृति की मूल भावना है। विभाग संघचालक डॉ. राजकुमार सचदेव ने वन्दे मातरम् मित्र मंडल की इस पहल को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया। कार्यक्रम अध्यक्ष सुश्री सुलभा ताई ने कहा कि बालिकाओं की सेवा ही राष्ट्र सेवा है। मुख्य अतिथि आचार्या डॉ. पुष्पा दीक्षित ने भारतीय संस्कृति में नारी और मातृशक्ति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत विश्व का एकमात्र देश है जहाँ नारी को देवी स्वरूप मानकर पूजनीय समझा जाता है। समारोह में सभी सम्मानित माताओं को शाल, श्रीफल, स्मृति चिन्ह एवं सम्मान पत्र भेंट किए गए। कार्यक्रम का संचालन पृथ्वी सहगल ने किया तथा आभार प्रदर्शन प्रदेश महामंत्री जय सिंह चंदेल ने किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनों ने स्वल्पाहार ग्रहण किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


