बिलासपुर में राष्ट्रीय पार्टी में बड़ा पद दिलाने के नाम पर 82.63 लाख की ठगी
बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र में एक बेरोजगार युवक से राष्ट्रीय पार्टी में बड़ा पद दिलाने और शीर्ष नेताओं से पहुंच का झांसा देकर 82 लाख 63 हजार 194 रुपये की भारी-भरकम ठगी का मामला सामने आया है। सरकंडा पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी महिला निखत परवीन साबरी (निवासी खोंगापानी, मनेंद्रगढ़) के खिलाफ BNS की धारा 318(4) के तहत धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फेसबुक से पहचान और फंड के नाम पर वसूली: सरकंडा निवासी पीड़ित चेतन आनंद दुबे के अनुसार, वर्ष 2025 में फेसबुक के जरिए उसकी पहचान निखत परवीन से हुई थी। बातचीत के दौरान निखत ने खुद को एक राष्ट्रीय पार्टी का प्रभावशाली कार्यकर्ता बताते हुए केंद्र और राज्य के बड़े नेताओं से सीधी पहुंच होने का दावा किया। जमीन से जुड़े एक मामले में मदद मिलने के बाद पीड़ित का भरोसा उस पर और गहरा हो गया। नौकरी छूटने के बाद जब चेतन ने राजनीति में रुचि दिखाई, तो निखत ने पार्टी फंड में अंशदान के नाम पर रकम जमा कराने की शर्त रखी। ऑनलाइन और नकद में लाखों का लेनदेन: शिकायत के मुताबिक, 11 जुलाई 2025 से 17 अगस्त 2026 के बीच अलग-अलग किस्तों में ऑनलाइन माध्यम से 62,63,194 रुपये ट्रांसफर कराए गए और करीब 20 लाख रुपये नकद लिए गए। रकम का एक हिस्सा निखत की बहन सायना परवीन साबरी के बैंक खाते में भी भेजा गया था। पीड़ित ने लेन-देन से जुड़े सभी बैंक ट्रांजेक्शन दस्तावेज और रसीदें पुलिस को सौंप दी हैं। पैसे मांगने पर मिली झूठे केस में फंसाने की धमकी: काफी समय बीत जाने के बाद भी जब पार्टी में कोई पद नहीं मिला और न ही पैसों की कोई वैध रसीद दी गई, तो पीड़ित ने रकम वापस मांगी। आरोप है कि पैसे लौटाने के बजाय आरोपी महिला ने संपर्क तोड़ दिया और दोबारा तकादा करने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। फिलहाल सरकंडा पुलिस संबंधित बैंक खातों, वित्तीय लेनदेन और दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


