दो दिन की मूसलाधार बारिश से बिलासपुर बेहाल, बसंती विहार कॉलोनी में घरों में घुसा पानी, लोग परेशान
बिलासपुर। बिलासपुर शहर में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। शहर के नदी-नाले उफान पर हैं और अधिकांश क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन गई है। शहर का शायद ही कोई इलाका ऐसा बचा हो, जहां बारिश का असर देखने को न मिला हो। चारों ओर पानी ही पानी नजर आया। सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में सरकंडा का बसंती विहार कॉलोनी, जोरापारा रहा, जहां लगातार बारिश के कारण कई घरों में पानी घुस गया। घरों में भरे पानी की निकासी के लिए लोगों को घंटों मशक्कत करनी पड़ी। जलभराव से घरेलू सामान को नुकसान पहुंचा और रहवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बसंती विहार कॉलोनी बरसात के दिनों में हर वर्ष जलभराव की समस्या से जूझती है। कॉलोनीवासियों ने कई बार नगर निगम और जिला प्रशासन को ज्ञापन देकर मुख्य मार्ग से लगे बड़े नाले के निर्माण और सुधार की मांग की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसका परिणाम यह हुआ कि इस वर्ष भी बारिश का पानी लोगों के घरों तक पहुंच गया। बारिश की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कॉलोनी के मुख्य मार्ग पर बने बड़े नाले के ऊपर से पानी बहने लगा, जिससे क्षेत्र में आवागमन भी प्रभावित हुआ और लोगों में भय का माहौल बना रहा। लगातार हो रही बारिश का असर केवल आम नागरिकों तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि छोटे व्यापारियों को भी भारी नुकसान उठाना पड़ा। कई दुकानों में पानी घुसने से सामान खराब हुआ और व्यापार प्रभावित हुआ। स्थानीय लोगों ने नगर निगम एवं जिला प्रशासन से मांग की है कि बसंती विहार कॉलोनी की जलनिकासी व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाए और स्थायी समाधान किया जाए, ताकि हर वर्ष बरसात में लोगों को ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


