बिलासपुर में बढ़ती गुंडागर्दी और नशे को लेकर महंत का सरकार पर हमला, बोले- नशे पर लगाम के बिना अपराध रोकना मुश्किल
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने बिलासपुर दौरे के दौरान प्रदेश की कानून व्यवस्था और बढ़ते अपराधों को लेकर राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। महंत कांग्रेस नेता श्याम कश्यप के आवास पर पहुंचे और हाल ही में उन पर हुए जानलेवा हमले की जानकारी लेते हुए उनका हाल-चाल जाना। उन्होंने श्याम कश्यप के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मीडिया से बातचीत में चरणदास महंत ने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है और आम जनता के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल है। उन्होंने कहा कि बिलासपुर जैसे शांत शहर में भी अब आए दिन लड़ाई-झगड़े, मारपीट और गुंडागर्दी की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसका असर आम लोगों के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर भी दिखाई दे रहा है। महंत ने प्रदेश में बढ़ते अपराधों के पीछे नशे के कारोबार को प्रमुख कारण बताते हुए कहा कि सूखा नशा और नशीली दवाएं आसानी से उपलब्ध हो रही हैं। युवा तेजी से नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं, जिसका सीधा असर सामाजिक वातावरण पर पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि नशे के कारण हत्या, मारपीट, आपसी विवाद और पारिवारिक हिंसा जैसी घटनाओं में बढ़ोतरी हो रही है। नेता प्रतिपक्ष ने सरकार पर नशे के कारोबार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब तक नशे पर पूरी तरह लगाम नहीं लगाई जाएगी, तब तक अपराधों पर प्रभावी रोक लगाना मुश्किल होगा। उन्होंने सरकार से कानून व्यवस्था मजबूत करने और नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई की मांग की। इस दौरान पूर्व विधायक बैजनाथ चंद्राकर, पूर्व महापौर राजेश पांडे, रामशरण यादव, श्याम कश्यप, अर्जुन तिवारी, अनिल तिवारी, पिंकी बतरा, शोभा चाहिल, राज कुमार कश्यप और वीरेंद्र शर्मा सहित कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


