सीएम दौरे में सियासी तकरार सर्किट हाउस पर भाजपा नेत्री गौरी गुप्ता और पुलिस के बीच तीखी झड़प, VIDEO वायरल
बिलासपुर, 30 मार्च 2026....... मुख्यमंत्री के बिलासपुर दौरे के दौरान रविवार देर रात सर्किट हाउस में उस समय सियासी और प्रशासनिक तनाव देखने को मिला, जब भाजपा नेत्री गौरी गुप्ता को अंदर प्रवेश से रोक दिया गया। इस दौरान उनकी ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ तीखी बहस और झड़प हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री के निर्धारित कार्यक्रम को लेकर सर्किट हाउस में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई थी। प्रोटोकॉल के तहत केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही अंदर जाने की अनुमति दी जा रही थी। इसी दौरान भाजपा युवा मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष बताई जा रहीं गौरी गुप्ता वहां पहुंचीं और अंदर प्रवेश करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक दिया। प्रवेश रोके जाने को लेकर मौके पर बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते तीखी नोकझोंक में बदल गई। वायरल वीडियो में गौरी गुप्ता पुलिसकर्मियों से उलझती नजर आ रही हैं। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा, “तुम लोग प्रोटोकॉल नहीं जानते क्या? एसपी भी नहीं रोकते… एसपी से बात कराओ।” वहीं, मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी उन्हें लगातार समझाते रहे और उच्च अधिकारियों के निर्देशों तथा सुरक्षा प्रोटोकॉल का हवाला देते हुए अंदर जाने की अनुमति नहीं होने की बात कहते रहे। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक तनातनी बनी रही, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। पूरी घटना वहां मौजूद लोगों ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। वीडियो सामने आने के बाद इस मामले ने राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है। फिलहाल इस घटना को लेकर आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
1
Sad
0
Wow
1


