भाजपा किसान मोर्चा ने राहुल गांधी का पुतला दहन किया, कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप
बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा, जिला बिलासपुर ग्रामीण के तत्वावधान में शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला दहन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला अध्यक्ष धीरेन्द्र दुबे ने किया, जबकि प्रदेश किसान मोर्चा के महामंत्री राकेश तिवारी ने मुख्य रूप से अगुवाई की। किसान मोर्चा पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि देश की राजधानी में स्थित भारत मंडपम में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस समर्थकों द्वारा किए गए अर्धनग्न प्रदर्शन से देश की गरिमा को ठेस पहुंची है। उनका कहना था कि यह कृत्य न केवल राष्ट्र की छवि के विरुद्ध है, बल्कि कांग्रेस की कथित “विकास-विरोधी और देश-विरोधी मानसिकता” को भी दर्शाता है। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे कृत्यों को संरक्षण देने वाली कांग्रेस पार्टी और उसके नेतृत्व को देश की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने दावा किया कि इस घटना से आम लोगों में भारी आक्रोश है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए राहुल गांधी का पुतला जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया। कार्यक्रम में प्रदेश स्तर के पदाधिकारी, प्रवक्ता तथा बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। स्थानीय प्रशासन की मौजूदगी में प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


