25 मार्च से 6 अप्रैल तक होगा ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स छत्तीसगढ़-2026’ का आयोजन
रायपुर/बिलासपुर। प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने और जनजातीय अंचलों की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने के उद्देश्य से 25 मार्च से 6 अप्रैल तक खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स छत्तीसगढ़‑2026 का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता के मुकाबले रायपुर, सरगुजा और बस्तर के विभिन्न खेल मैदानों में आयोजित होंगे। इस संबंध में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंत्रालय महानदी भवन में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक लेकर तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा ही प्रदेश और देश का भविष्य हैं और राज्य सरकार शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास तथा खेल सहित हर क्षेत्र में युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन जनजातीय क्षेत्रों के खिलाड़ियों की प्रतिभा को पहचान देने और उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा। बैठक में खेल अधोसंरचना, छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना, खेल अकादमियों की गतिविधियों, खेल अलंकरण और युवा महोत्सव सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वीकृत खेल परियोजनाओं को तय समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उल्लेखनीय है कि भारत सरकार ने प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की मेजबानी छत्तीसगढ़ को दी है। प्रतियोगिता में कुल 7 प्रतिस्पर्धात्मक और 2 प्रदर्शनात्मक खेल आयोजित होंगे। रायपुर में तीरंदाजी, फुटबॉल, हॉकी, वेटलिफ्टिंग, स्विमिंग और कबड्डी (डेमो), सरगुजा में कुश्ती और मलखम्ब (डेमो) तथा बस्तर में एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इस आयोजन में देश के लगभग 30 राज्यों से करीब 2500 खिलाड़ी और अधिकारी भाग लेंगे। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। साथ ही मलखम्ब खिलाड़ियों को एक लाख रुपये की विशेष प्रोत्साहन राशि दी जाएगी और अमेरिका गॉट टैलेंट में चयनित मलखम्ब खिलाड़ी अनतई पोटाई के अमेरिका आने-जाने का खर्च राज्य सरकार वहन करेगी। बैठक में उप मुख्यमंत्री अरुण साव सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि इस आयोजन से प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा और जनजातीय क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बड़ा अवसर मिलेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


