बिलासपुर में आधी रात वारदात: महाराणा प्रताप चौक पर पिकअप चालक से मोबाइल और चांदी की चेन लूटी, 3 स्कूटी सवारों पर FIR
बिलासपुर। महाराणा प्रताप चौक ओवरब्रिज के पास देर रात काली स्कूटी सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने कोरबा निवासी एक पिकअप चालक से मोबाइल और चांदी की चेन लूट ली। वारदात उस वक्त हुई जब युवक गाड़ी खड़ी कर पैदल खाना खाने निकला था। पीड़ित की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, बुधवारी बाजार (कोरबा) निवासी देवव्रत शुक्ला (28) 26 सितंबर की रात पिकअप वाहन (सीजी 31 बी 0750) में साबुन लेकर व्यापार विहार स्थित एक फर्म पहुंचे थे। माल खाली करने के बाद उन्हें 60 बोरी और 100 डिब्बे अन्य सामान लोड करना था, लेकिन देर रात होने की वजह से लोडिंग का काम टल गया। इसके बाद देवव्रत ने वाहन को व्यापार विहार स्थित धर्मकांटा के पास खड़ा कर दिया। रात करीब 12 बजे पिकअप में अपने एक साथी को छोड़कर देवव्रत पैदल ही खाना खाने निकले। महाराणा प्रताप चौक ओवरब्रिज के पास पहुंचते ही काली स्कूटी पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे। आरोपियों ने पहले देवव्रत का मोबाइल छीना, फिर उनके गले से चांदी की चेन झपटकर मौके से फरार हो गए। अंधेरा होने के चलते पीड़ित आरोपियों की पहचान नहीं कर सका। सिविल लाइन पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है और हुलिए की पहचान व गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


