बिलासपुर में 106 बटुकों का सामूहिक उपनयन संस्कार सम्पन्न, धार्मिक आयोजन में उमड़ा जनसैलाब
बिलासपुर में परशुराम ब्राह्मण समाज एवं परशुराम महिला ब्राह्मण कल्याण समिति के संयुक्त तत्वावधान में 106 बटुकों का सामूहिक उपनयन संस्कार धार्मिक विधि-विधान के साथ सम्पन्न हुआ। यह आयोजन श्री खाटू श्याम मंदिर एवं श्री राम घोंघा बाबा मंदिर परिसर में आयोजित किया गया, जहां आचार्य पंडित कृष्ण दत्त शास्त्री के मार्गदर्शन में सभी संस्कार सम्पन्न कराए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान परशुराम एवं हनुमान जी के पूजन के साथ हुआ। समाज के अध्यक्ष डॉ. गायत्री प्रसाद पाण्डेय, संरक्षिका श्रीमती राजश्री मिश्रा, श्रीमती रेखा पाण्डेय एवं महापौर पूजा विधानी ने विधिवत पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर तेजस्व पाण्डेय द्वारा हनुमान चालीसा का पाठ किया गया, जिससे वातावरण भक्तिमय हो उठा। संस्कार की प्रक्रिया में मंडप पूजन, कलश स्थापना, गौरी-गणेश पूजन, मटकोर (मागर माटी), तेल-हल्दी, मुंडन एवं मुंज धारण जैसे पारंपरिक अनुष्ठान सम्पन्न कराए गए। इसके पश्चात बटुकों को जनेऊ धारण कराया गया तथा दंड ग्रहण और हवन कराया गया। परंपरा के अनुसार बटुकों ने अपनी माताओं से भिक्षा मांगकर गुरु को अर्पित की। संस्कार के बाद सभी बटुक शोभायात्रा के रूप में शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए हरदेवलाल मंदिर तक बाजे-गाजे के साथ निकले और पुनः मंदिर परिसर लौटे, जहां माताओं ने अपने बटुकों का परछन कर आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम का संचालन ओम प्रकाश पाण्डेय ने किया। आयोजन में समाज के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें पंडित उमेश गौरहा, पंडित केशव तिवारी, पंडित सुनील द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में महिला सदस्य भी शामिल रहीं। अंत में परशुराम महिला ब्राह्मण कल्याण समिति की श्रीमती रेखा पाण्डेय ने आभार व्यक्त किया। आयोजन ने सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूती प्रदान की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


