राष्ट्रपति के कथित अपमान पर सियासत गरम, बिलासपुर में भाजपा का विरोध प्रदर्शन
बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी के अनुसूचित जनजाति मोर्चा ने पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति के कथित अपमान के विरोध में बिलासपुर में उग्र प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने पुराने बस स्टैंड पर एकत्र होकर ममता बनर्जी का पुतला दहन किया और जमकर नारेबाजी की। दरअसल मार्च 2026 में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दार्जिलिंग में आयोजित एक आदिवासी सम्मेलन में शामिल होने पहुंची थीं। कार्यक्रम के बाद व्यवस्थाओं को लेकर उन्होंने नाराजगी जताई थी। इसके बाद से इस मुद्दे ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है और भाजपा ने पश्चिम बंगाल सरकार पर राष्ट्रपति के प्रोटोकॉल और सम्मान की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। इसी के विरोध में बिलासपुर में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एकत्र हुए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि यह केवल राष्ट्रपति ही नहीं बल्कि पूरे आदिवासी समाज के सम्मान से जुड़ा मुद्दा है। भाजपा नेताओं ने मांग की कि इस मामले में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए। फिलहाल इस मुद्दे को लेकर देशभर में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है और सियासत भी गरमा गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


