बिलासपुर कलेक्ट्रेट का बाबू और थाना का ASI रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, ACB के डबल अटैक से मचा हड़कंप
छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने लगातार दो बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए बिलासपुर कलेक्ट्रेट के एक बाबू और सक्ती जिले के चंद्रपुर थाना में पदस्थ एक ASI को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में सरकारी कार्रवाई में राहत देने के बदले रिश्वत मांगी गई थी। पहली कार्रवाई बिलासपुर कलेक्ट्रेट में हुई, जहां अतिरिक्त न्यायालय जिला दंडाधिकारी कार्यालय में पदस्थ लिपिक विजय पांडेय को 15 हजार रुपए रिश्वत लेते ACB की टीम ने गिरफ्तार किया। जानकारी के मुताबिक खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत लगाए गए एक लाख रुपए के जुर्माने को कम कराने के एवज में रिश्वत मांगी गई थी। कोटा निवासी देवेंद्र कश्यप ने इसकी शिकायत ACB से की थी। शिकायत के सत्यापन के बाद टीम ने कलेक्ट्रेट में ट्रैप बिछाकर आरोपी बाबू को रिश्वत की रकम के साथ पकड़ लिया। वहीं दूसरी बड़ी कार्रवाई सक्ती जिले के चंद्रपुर थाना क्षेत्र में हुई। यहां पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक (ASI) एस.एन. मिश्रा को 20 हजार रुपए रिश्वत लेते ACB ने दबोच लिया। शिकायतकर्ता शिव प्रसाद बरेठ से मारपीट के दर्ज मामले में राहत देने के बदले आरोपी ASI ने कुल 40 हजार रुपए की मांग की थी। बताया गया कि पहली किश्त पहले ही ली जा चुकी थी, जबकि दूसरी किश्त लेते समय चंद्रपुर स्थित गुड्डू ढाबा में ACB टीम ने छापा मारकर उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। दोनों मामलों में ACB ने रिश्वत की रकम बरामद कर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत कार्रवाई की है। अधिकारियों के अनुसार शिकायतों के सत्यापन के बाद योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया गया। लगातार हो रही ACB की इन कार्रवाइयों से सरकारी दफ्तरों और पुलिस विभाग में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


