"JCCJ 2.0 का बिगुल: 'बेटा बचाओ आंदोलन' के सहारे भाजपा-कांग्रेस को सीधी चुनौती, अमित जोगी बोले– अब प्रदेश को मिलेगा नया राजनीतिक विकल्प"
बिलासपुर प्रेस क्लब से नई रणनीति का ऐलान, नशे के खिलाफ जनआंदोलन और विधानसभा चुनाव के लिए संगठन विस्तार का रोडमैप पेश बिलासपुर। बिलासपुर प्रेस क्लब से जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने प्रदेश की राजनीति में नई सक्रियता का संदेश देते हुए "JCCJ 2.0 – नया विजन, नया स्वरूप और नई कार्ययोजना" का औपचारिक शुभारंभ किया। पार्टी की सर्वोच्च नेता डॉ. रेणु जोगी, राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित जोगी, प्रदेश अध्यक्ष ईश्वर उपाध्याय सहित वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में आयोजित पत्रकार वार्ता में अमित जोगी ने भाजपा और कांग्रेस की राजनीति पर तीखा हमला बोलते हुए घोषणा की कि जनता कांग्रेस अब प्रदेश में एक मजबूत और संघर्षशील राजनीतिक विकल्प के रूप में मैदान में उतरेगी। अमित जोगी ने कहा कि JCCJ 2.0 को प्रदेशव्यापी "बेटा बचाओ आंदोलन" से जोड़ा गया है। उनका कहना था कि छत्तीसगढ़ का युवा तेजी से नशे की गिरफ्त में जा रहा है और उसे बचाने की जिम्मेदारी केवल सरकार की नहीं, बल्कि माताओं, परिवारों, शिक्षकों, चिकित्सकों और पूरे समाज की है। उन्होंने इसे सामाजिक बदलाव का अभियान बताते हुए प्रदेशभर में जनजागरण चलाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस अब किसी परिवार या विरासत की मोहताज नहीं है। पार्टी नए संगठनात्मक ढांचे, नई सोच और जनकेंद्रित कार्ययोजना के साथ गांव-गांव और बूथ स्तर तक अपनी ताकत बढ़ाएगी। वर्तमान राजनीतिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए बड़े राजनीतिक सुधार जरूरी हैं। अमित जोगी ने दावा किया कि उन्होंने निर्वाचन आयोग से मान्यता प्राप्त करीब 66 राजनीतिक दलों के अध्यक्षों को आगामी चुनावों के बहिष्कार का प्रस्ताव भेजा है। विपक्षी दलों को एकजुट करने की कोशिश भी की गई, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर जनता कांग्रेस ने स्वतंत्र राजनीतिक लड़ाई लड़ने का फैसला किया है। जग्गी प्रकरण से जुड़े सवालों पर अमित जोगी ने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और वे कानूनी प्रक्रिया के तहत अपनी लड़ाई जारी रखेंगे। उन्होंने यह भी घोषणा की कि नकटी, हसदेव, लैलूंगा, बचेली, केशदा-इकलामा (कवर्धा), पथर्रा-बेमेतरा और फास्टरपुर-मुंगेली सहित विभिन्न क्षेत्रों के विस्थापित परिवारों की ओर से वे स्वयं अधिवक्ता के रूप में निःशुल्क पैरवी कर रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे। डॉ. रेणु जोगी ने अपने संबोधन में स्वर्गीय अजित जोगी के जीवन के कई संस्मरण साझा किए। उन्होंने बताया कि विवाह के समय अजित जोगी ने दहेज लेने से साफ इनकार कर दिया था और जीवनभर सिद्धांतों तथा सामाजिक मूल्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। अमित जोगी ने भी बिलासपुर से अपने परिवार के भावनात्मक रिश्ते का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके माता-पिता का बचपन यहीं बीता और उनकी प्रेम कहानी की शुरुआत भी बिलासपुर प्रेस क्लब के समीप कंपनी गार्डन से हुई थी। उन्होंने बिलासपुर को अपने परिवार के लिए तीर्थस्थल की संज्ञा दी। पत्रकार वार्ता में पार्टी नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन विस्तार, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने, जनसंपर्क अभियान और प्रदेशव्यापी कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा भी साझा की। कार्यक्रम के अंत में जिला अध्यक्ष प्रशांत त्रिपाठी ने मीडिया का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि "JCCJ 2.0" और "बेटा बचाओ आंदोलन" को प्रदेशव्यापी जनआंदोलन का रूप दिया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


