बिलासपुर: जनरेटर न होने से पहले ही दिन फेल हुई ग्रेन एटीएम की व्यवस्था, सिर्फ 8 लोगों को मिला चावल
बिलासपुर में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री द्वारा शनिवार को शहर के पहले ग्रेन एटीएम का उद्घाटन किया गया था। इस खबर के सामने आते ही रविवार को राशन उठाने के लिए लाभार्थियों की भारी भीड़ जमा हो गई। हालांकि, इलाके में लगातार पांच घंटे बिजली गुल रहने के कारण योजना के पहले ही दिन एटीएम की सेवाएं पूरी तरह प्रभावित रहीं। एटीएम में लगा इन्वर्टर केवल आधे घंटे का बैकअप देने में सक्षम था, जिससे मात्र आठ लाभार्थी ही चावल निकाल सके। इसके बाद दोपहर 1 बजे से बिजली बंद होने की वजह से कई लोगों को बिना राशन लिए ही वापस लौटना पड़ा। केयर टेकर के मुताबिक, शाम साढ़े छह बजे तक बिजली आपूर्ति ठप रही और एटीएम परिसर में जनरेटर की कोई व्यवस्था नहीं होने से स्थिति और बिगड़ गई। एटीएम के छोटे स्टोरेज में लगभग डेढ़ से दो क्विंटल चावल ही स्टोर हो पाता है, जबकि बड़ा स्टोरेज उद्घाटन की आपाधापी और व्यस्तता के कारण भरा ही नहीं गया था। इसके अलावा, जनरेटर न होने से बिजली जाते ही पूरी प्रक्रिया ठप हो जाती है। इस समस्या पर खाद्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि व्यवस्था संयुक्त राष्ट्र खाद्य कार्यक्रम के तहत की गई है और आने वाले समय में जनरेटर की सुविधा उपलब्ध कराने पर विचार किया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


