सिरगिट्टी क्षेत्र में लो वोल्टेज का हाहाकार: ग्रामीणों ने घेरा बिजली अमला, पुलिस ने संभाला मोर्चा
बिलासपुर के सिरगिट्टी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत बन्नाकडीह और भनहापारा में बिजली की गंभीर समस्या को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा। पिछले कई दिनों से चल रहे बिजली संकट, विशेष रूप से कम वोल्टेज और बार-बार बिजली गुल होने से ग्रामीण बेहद परेशान थे। रविवार को भीषण गर्मी के बीच उनकी सहनशीलता जवाब दे गई और उनका गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली विभाग के वाहनों को रोक लिया और वहां मौजूद बिजली कर्मचारियों को बंधक बना लिया। बताया जा रहा है कि बिजली व्यवस्था को लेकर लोगों में काफी नाराजगी थी। ग्रामीणों ने कर्मचारियों के साथ जमकर हुज्जतबाजी भी की। ग्रामीणों का कहना था कि लो वोल्टेज के कारण घरों के पंखे तक ठीक से नहीं चल पा रहे हैं, जिससे इस भीषण गर्मी में रहना दूभर हो गया है। सबसे गंभीर स्थिति पानी की आपूर्ति को लेकर बनी हुई है। गांव का बोर पूरी तरह बिजली पर निर्भर है, लेकिन कम वोल्टेज के चलते मोटर नहीं चल पा रही है, जिससे घरों में पीने के पानी की किल्लत हो गई है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों को मौके पर बुलाकर समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की। उन्होंने शिकायत की कि हवा चलने और हल्की बारिश होते ही बिजली बंद हो जाती है, जिसे ठीक करने में विभाग को काफी समय लगता है। क्षेत्र में ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने की मांग भी जोर पकड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में बिजली का लोड काफी बढ़ चुका है, लेकिन विभाग अभी भी ६३ केवी के पुराने ट्रांसफार्मर से ही काम चला रहा है। क्षमता से अधिक लोड के कारण यह ट्रांसफार्मर बार-बार ट्रिप हो जाता है और फ्यूज उड़ जाता है। ग्रामीणों ने बड़े लोड के अनुरूप अधिक क्षमता का नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है। मामले की जानकारी मिलते ही डायल ११२ की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों को काफी देर तक समझाया और शांत कराया, जिसके बाद स्थिति नियंत्रण में आई। बिजली विभाग की ओर से आश्वासन दिया गया कि सोमवार को नया ट्रांसफार्मर लगा दिया जाएगा और तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी। इस भरोसे के बाद ग्रामीण शांत हुए और उन्होंने कर्मचारियों को मुक्त किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


