अक्षय तृतीया पर सरकंडा में निकलेगी भगवान परशुराम की पहली भव्य शोभायात्रा, तैयारियों में जुटे हजारों श्रद्धालु
सरकंडा क्षेत्र इन दिनों भगवान परशुराम जी महाराज की भक्ति में पूरी तरह सराबोर नजर आ रहा है। आगामी 20 अप्रैल को अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर यहां पहली बार भगवान परशुराम जी की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसे लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है। श्रद्धालु इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बनने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। शोभायात्रा की शुरुआत राजकिशोर नगर स्थित श्री परशुराम चौक से दोपहर 2:30 बजे ध्वजा पूजन के साथ बाइक रैली के रूप में होगी। इसके बाद दोपहर 3:30 बजे अशोकनगर चौक में संत शिरोमणि श्री राम भिक्षुक दास जी महाराज की प्रतिमा पर पूजा-अर्चना के पश्चात यह रैली पदयात्रा में परिवर्तित होकर भव्य शोभायात्रा का रूप धारण करेगी। शोभायात्रा में आकर्षक धार्मिक झांकियां शामिल होंगी, जिनमें भगवान परशुराम जी के जीवन प्रसंगों का सजीव चित्रण किया जाएगा। यात्रा अशोकनगर से नूतन चौक होते हुए आगे बढ़ेगी, जहां ग्राम देवता ठाकुर देवता और स्फटिकेश्वर महादेव मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके बाद शोभायात्रा सिपत चौक, श्रीराम सेतू चौक और अरपा नदी पुल होते हुए बाजपेयी मैदान पहुंचेगी। यहां संत समागम, धर्मसभा, प्रवचन, सम्मान समारोह और भंडारे का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के समापन पर ध्वज को श्रीराम मंदिर में अर्पित किया जाएगा। शोभायात्रा को भव्य बनाने के लिए क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों और गांवों के लोग एकजुट होकर तैयारियों में लगे हैं। जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा लस्सी, छाछ, मिठाई और शीतल पेय की व्यवस्था की जा रही है, ताकि शोभायात्रा में शामिल भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। ब्राह्मण समाज सहित विभिन्न समाजों और नागरिकों ने बैठकों के माध्यम से आयोजन की विस्तृत रूपरेखा तैयार की है। भगवान श्री परशुराम सेवादार समिति के सदस्यों द्वारा इस आयोजन को सफल बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पहली बार आयोजित हो रही इस शोभायात्रा को लेकर सरकंडा और आसपास के क्षेत्रों में विशेष उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिल रहा है। श्रद्धालुओं का मानना है कि यह आयोजन क्षेत्र में धार्मिक और सांस्कृतिक एकता को और मजबूत करेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


