जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनी लोगों की समस्याएं
बिलासपुर.......कलेक्टर संजय अग्रवाल ने साप्ताहिक जनदर्शन में दूर-दराज से पहुंचे ग्रामीणों और शहरवासियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्रत्येक आवेदक से मुलाकात कर आवेदन प्राप्त किए और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जनदर्शन में व्यक्तिगत तथा सामुदायिक हितों से जुड़े अनेक मामलों पर जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया। इस दौरान नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे और जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल भी उपस्थित रहे। जनदर्शन में राजस्व रिकॉर्ड की त्रुटि सुधार, किसान सम्मान निधि, अवैध कब्जा हटाने, निस्तारी मार्ग खोलने तथा बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रहीं। ग्राम बोडसरा के छात्र ने रिकॉर्ड में नाम त्रुटि के कारण प्रमाण पत्र न बन पाने की समस्या बताई, जबकि तेंदुवा के ग्रामीणों ने तालाब मार्ग पर अवैध निर्माण हटाने की मांग की। शहर के बसंत भाई पटेल नगर वार्डवासियों ने सीसी रोड, नाली, बिजली पोल और पानी पाइपलाइन की मांग रखी। इसके अलावा तालाब निर्माण भूमि पर कब्जा, आर्थिक सहायता, बैंक बकाया, आवास ऋण और जप्त सामान वापसी से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए। कलेक्टर ने सभी मामलों की जांच कर नियमानुसार शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


