टैक्स पूरा, सुविधाएं शून्य! विवेकानंद कॉलोनी की बदहाली पर फूटा लोगों का गुस्सा, सड़क-पानी के लिए तरस रहे हजारों रहवासी

निगम में शामिल होने के बाद भी नहीं मिली मूलभूत सुविधाएं, जर्जर सड़कें और पेयजल संकट से त्रस्त कॉलोनी; अवैध हाइवा परिवहन से हर पल मंडरा रहा हादसे का खतरा। बिलासपुर/मोपका। नगर निगम की सीमा में शामिल होने के वर्षों बाद भी मोपका क्षेत्र स्थित विवेकानंद कॉलोनी आज मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि निगम प्रशासन उनसे संपत्ति कर सहित सभी प्रकार के कर और शुल्क नियमित रूप से वसूल रहा है, लेकिन बदले में सड़क, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। रहवासियों का कहना है कि कांग्रेस शासनकाल में विकसित हुई यह कॉलोनी आज बदहाली की मिसाल बन चुकी है। कॉलोनी की अधिकांश सीसी सड़कें पूरी तरह उखड़ चुकी हैं और गहरे गड्ढों में तब्दील हो गई हैं। हालात ऐसे हैं कि पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया है। बरसात के दिनों में सड़कें कीचड़ और जलभराव से और अधिक खतरनाक हो जाती हैं। ,,,पेयजल की सुविधा नहीं, हर घर में खुद कराना पड़ा बोर,,, कॉलोनी में आज तक निगम द्वारा पेयजल की स्थायी व्यवस्था नहीं की गई है। मजबूरी में लगभग हर परिवार ने अपने खर्च पर बोरवेल खुदवाया है। लगातार भूजल दोहन के कारण जलस्तर तेजी से नीचे जा रहा है, जिससे आने वाले समय में गंभीर जल संकट की आशंका भी बढ़ गई है। ,,,हाइवा की आवाजाही से हर समय दुर्घटना का खतरा,, स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि मुरुम और रेत से भरी भारी-भरकम हाइवा गाड़ियां कॉलोनी के भीतर से होकर नहर मार्ग तक लगातार आवागमन कर रही हैं। इससे पहले से जर्जर सड़कें और अधिक क्षतिग्रस्त हो रही हैं तथा बच्चों, बुजुर्गों और आम नागरिकों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। ,,,जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया, फिर भी नहीं हुई कार्रवाई,,, रहवासियों का कहना है कि उन्होंने अपनी समस्याओं से स्थानीय जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों को कई बार अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। लोगों का आरोप है कि टैक्स वसूली में निगम पूरी तरह सक्रिय है, लेकिन सुविधाएं देने के मामले में पूरी तरह उदासीन बना हुआ है। ,,,,उठ रहे भ्रष्टाचार पर सवाल,,, कॉलोनीवासियों का कहना है कि जब नगर निगम सभी प्रकार के कर वसूल रहा है तो नागरिकों को कम से कम पीने का पानी और चलने लायक सड़क तो मिलनी ही चाहिए। वर्षों से उपेक्षा और विकास कार्यों के अभाव ने निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि यह स्पष्ट हो सके कि विकास के नाम पर आवंटित राशि आखिर खर्च कहां हुई। अब देखना यह होगा कि नगर निगम प्रशासन और जनप्रतिनिधि इस गंभीर समस्या पर कब तक ध्यान देते हैं, या फिर विवेकानंद कॉलोनी के हजारों रहवासियों को इसी बदहाली में जीवन बिताने के लिए मजबूर रहना पड़ेगा।

Jun 26, 2026 - 16:43
 0  0
💬 WhatsApp पर शेयर करें
टैक्स पूरा, सुविधाएं शून्य! विवेकानंद कॉलोनी की बदहाली पर फूटा लोगों का गुस्सा, सड़क-पानी के लिए तरस रहे हजारों रहवासी

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0