बिलासपुर में 6 मई को सिकल सेल व थैलेसीमिया मरीजों के लिए निःशुल्क जांच शिविर

बिलासपुर। सिकल सेल एनीमिया और थैलेसीमिया मेजर जैसी गंभीर आनुवांशिक बीमारियों से पीड़ित बच्चों के लिए 6 मई को बिलासपुर के उदय चिल्ड्रन हॉस्पिटल में विशेष निःशुल्क जांच एवं परामर्श शिविर आयोजित किया जाएगा। यह शिविर सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक वेयरहाउस रोड स्थित अस्पताल परिसर में लगेगा। डॉ. राकेश साहू, डॉ. अभिनव साहू, डॉ. पी. आर. चौधरी और डॉ. अशोक मेहता ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में मरीजों की मुफ्त जांच के साथ विशेषज्ञों द्वारा परामर्श भी दिया जाएगा। साथ ही मरीजों और उनके परिवार (माता-पिता व भाई-बहनों) के लिए महंगी मानी जाने वाली HLA टाइपिंग जांच भी निःशुल्क की जाएगी, जिसकी सामान्य लागत 12 से 15 हजार रुपये होती है। शिविर की खास बात यह है कि अपोलो हॉस्पिटल, दिल्ली के वरिष्ठ हेमेटो-ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. गौरव खारिया एवं उनकी टीम विशेष रूप से मौजूद रहेगी और बोन मैरो ट्रांसप्लांट (BMT) से संबंधित मार्गदर्शन देगी। डॉक्टरों ने बताया कि थैलेसीमिया मेजर के मरीजों का ऑपरेशन अपोलो दिल्ली में निःशुल्क संभव हो सकता है, जबकि सिकल सेल रोगियों को सरकारी योजनाओं के तहत 18 से 20 लाख रुपये तक की सहायता मिल सकती है। छत्तीसगढ़ में सिकल सेल एनीमिया एक बड़ी सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौती बनी हुई है। राज्य में अब तक 1.70 करोड़ से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है, जिसमें 3.38 लाख लोग कैरियर के रूप में चिन्हित हुए हैं, जबकि 27,600 से अधिक मरीजों में रोग की पुष्टि हुई है। एक करोड़ से अधिक लोगों को जेनेटिक स्टेटस कार्ड भी वितरित किए जा चुके हैं। उपचार के क्षेत्र में अब पारंपरिक तरीकों से आगे बढ़ते हुए हाइड्रॉक्सीयूरिया, क्रिज़ानलिज़ुमैब और वोसेलोटोर जैसी दवाओं का उपयोग किया जा रहा है। गंभीर मामलों में रक्त आधान और स्टेम सेल ट्रांसप्लांट प्रभावी विकल्प साबित हो रहे हैं, वहीं जीन थेरेपी और जीन एडिटिंग जैसी आधुनिक तकनीकों पर भी तेजी से काम हो रहा है। राज्य सरकार का लक्ष्य वर्ष 2047 तक सिकल सेल एनीमिया का उन्मूलन करना है। इसके लिए 0 से 40 वर्ष आयु वर्ग, विशेषकर आदिवासी समुदाय में व्यापक स्क्रीनिंग अभियान चलाया जा रहा है। आयोजकों ने लोगों से अपील की है कि वे इस निःशुल्क शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और जरूरतमंदों तक इसकी जानकारी पहुंचाएं।

May 4, 2026 - 15:35
 0  8
💬 WhatsApp पर शेयर करें
बिलासपुर में 6 मई को सिकल सेल व थैलेसीमिया मरीजों के लिए निःशुल्क जांच शिविर

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0