रजिस्ट्रार की मुहर से छत्तीसगढ़ डायोसिस बोर्ड ऑफ एजुकेशन (CDBE) का विवाद समाप्त, नई कार्यकारिणी को मिली कानूनी मान्यता
रायपुर: छत्तीसगढ़ डायोसिस बोर्ड ऑफ एजुकेशन (CDBE) को लेकर पिछले कई महीनों से चल रहे विवाद पर आखिरकार सरकारी रजिस्ट्रार की मुहर लग गई है। फर्म एवं संस्थाएं, छत्तीसगढ़ के रजिस्ट्रार द्वारा जारी आदेश के बाद प्रशासन की निगरानी में संपन्न चुनाव से गठित नई कार्यकारिणी को विधिसम्मत मान्यता मिल गई है। इसके साथ ही संस्था के खिलाफ चलाए जा रहे कथित भ्रामक प्रचार और दावों की हवा निकल गई है। जिला प्रशासन द्वारा नियुक्त प्रशासक की देखरेख में 27 मार्च 2026 को निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराया गया था। अभिलेखों के परीक्षण के उपरांत नव-निर्वाचित कार्यकारिणी को रजिस्ट्रार कार्यालय में विधिवत दर्ज कर लिया गया है। हालांकि, यह व्यवस्था उच्च न्यायालय, बिलासपुर में लंबित प्रकरण के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगी। मान्यता प्राप्त पदाधिकारी: अध्यक्ष: राइट रेव्ह. युवोन कुमार उपाध्यक्ष: नीतिन लॉरेंस सचिव: जयप्रदीप रॉबिनसन कोषाध्यक्ष: प्रवीण मसीह सदस्य: अमित दास, तर्जा पॉल एवं सुशील मसीह भ्रामक प्रचार पर लगेगा विराम, होगी कानूनी कार्रवाई सीडीबीई ने प्रेस विज्ञप्ति में स्पष्ट किया है कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा संस्था और उसके विद्यालयों को बदनाम करने के लिए लगातार झूठे दस्तावेज और भ्रामक समाचार प्रसारित किए जा रहे थे, जिन्हें रजिस्ट्रार के आदेश ने पूरी तरह निराधार साबित कर दिया है। अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वालों के खिलाफ आवश्यकतानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। समाज से अपील: संस्था ने अभिभावकों, शिक्षकों और समाज के लोगों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर भरोसा न करें और केवल वैधानिक प्राधिकरणों के आदेशों को ही प्रामाणिक मानें। अब देखना यह होगा कि भ्रामक प्रचार करने वालों पर क्या कार्रवाई होती है, वहीं सभी की नजरें उच्च न्यायालय के अंतिम फैसले पर टिकी हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


