वर्ल्ड किडनी डे 2026: हर 10 में से 1 भारतीय किडनी रोग से प्रभावित, अपोलो बिलासपुर में जागरूकता कार्यक्रम

बिलासपुर। ‘वर्ल्ड किडनी डे 2026’ के अवसर पर अपोलो हॉस्पिटल्स बिलासपुर में विभिन्न समाजों के संयुक्त तत्वावधान में विशाल जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किडनी से जुड़ी बीमारियों, उनके कारणों और बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी गई। अपोलो हॉस्पिटल के वरिष्ठ किडनी रोग विशेषज्ञ डॉ. जिग्नेश पंड्या और डॉ. विनय कुमार ने बताया कि किडनी शरीर का अत्यंत महत्वपूर्ण अंग है, जो खून को साफ रखने का काम करती है। किडनी शरीर से टॉक्सिन पदार्थों, यूरिया और क्रिएटिनिन को बाहर निकालती है तथा अतिरिक्त पानी को पेशाब के रूप में शरीर से बाहर करती है। इसके साथ ही यह शरीर में पोटैशियम और सोडियम का संतुलन बनाए रखने में भी अहम भूमिका निभाती है। डॉ. जिग्नेश पंड्या ने बताया कि हर साल 12 मार्च को ‘वर्ल्ड किडनी डे’ मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य लोगों को किडनी से जुड़ी बीमारियों और उनके बचाव के प्रति जागरूक करना है। वर्ष 2026 की थीम “किडनी हेल्थ फॉर ऑल: केयरिंग फॉर पीपल, प्रोटेक्टिंग द प्लैनेट” रखी गई है। उन्होंने बताया कि शरीर में यूरिया का स्तर बढ़ना किडनी के लिए हानिकारक होता है और यदि किडनी अपने कार्य सही तरीके से नहीं कर पाती तो यह गंभीर बीमारी का संकेत हो सकता है। ऐसे में समय रहते सावधानी और स्वस्थ जीवनशैली अपनाना बेहद जरूरी है। किडनी को स्वस्थ रखने के उपाय डॉक्टरों ने बताया कि किडनी को स्वस्थ रखने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीना बेहद जरूरी है। कई लोग दिनभर में बहुत कम पानी पीते हैं, जो किडनी के लिए नुकसानदायक हो सकता है। प्रतिदिन लगभग 3 लीटर पानी पीना चाहिए ताकि शरीर के विषैले तत्व बाहर निकल सकें। यदि किसी व्यक्ति को उच्च रक्तचाप की समस्या है तो उसे अपने भोजन में नमक की मात्रा कम करनी चाहिए। अधिक नमक और प्रोसेस्ड फूड का सेवन किडनी पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है। डायबिटीज के मरीजों को भी विशेष सावधानी बरतनी चाहिए, क्योंकि लगातार बढ़ा हुआ ब्लड शुगर लेवल किडनी को नुकसान पहुंचा सकता है। ऐसे में नियमित रूप से ब्लड शुगर की जांच कराना और संतुलित आहार लेना जरूरी है। नियमित व्यायाम भी जरूरी डॉ. विनय कुमार ने बताया कि किडनी के साथ-साथ पूरे शरीर को स्वस्थ रखने के लिए रोजाना कम से कम 30 मिनट व्यायाम करना चाहिए। टहलना, योग, साइकिलिंग जैसी गतिविधियां न केवल वजन नियंत्रित रखती हैं बल्कि ब्लड प्रेशर को भी सामान्य बनाए रखती हैं, जिससे किडनी स्वस्थ रहती है। उन्होंने यह भी कहा कि धूम्रपान और शराब का अत्यधिक सेवन किडनी, फेफड़ों और हृदय पर बुरा असर डालता है, इसलिए इन आदतों से बचना चाहिए। डॉक्टरों ने लोगों को सलाह दी कि हर 6 महीने से 1 साल के भीतर नियमित स्वास्थ्य जांच अवश्य कराएं। यदि पेट या कमर के आसपास दर्द, पेशाब में जलन या अन्य कोई समस्या महसूस हो तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। समय-समय पर बीपी, किडनी फंक्शन टेस्ट (KFT) और ब्लड शुगर की जांच कराते रहना चाहिए। कार्यक्रम में क्षेत्रीय राठौर समाज की अध्यक्ष षष्ठी राठौर, पूज्य सिंधी सेंट्रल पंचायत के अध्यक्ष विनोद मेंगनी, क्रेडाई अध्यक्ष सुशील पटेरिया, सिंधु चेतना युवा अध्यक्ष रॉबिन वाधवानी, हैंड्स ग्रुप के अभिषेक विधानी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों को किडनी स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी दी गई और विजेताओं को आकर्षक पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। अंत में अपोलो हॉस्पिटल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. अनिल कुमार ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

Mar 12, 2026 - 23:27
 0  1
💬 WhatsApp पर शेयर करें
वर्ल्ड किडनी डे 2026: हर 10 में से 1 भारतीय किडनी रोग से प्रभावित, अपोलो बिलासपुर में जागरूकता कार्यक्रम

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0