सड़क निर्माण मुआवजा घोटाला किसान के नाम जारी 40 से अधिक चेक हड़पने का आरोप

बिलासपुर.....ग्राम पंचायत सोढ़ा (छतौना) में सड़क निर्माण कार्य के दौरान अधिग्रहित जमीन के मुआवजे में कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आजाद युवा संगठन ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया है कि किसान जल सिंह बैगा के नाम जारी लाखों रुपये के मुआवजा चेक पर जबरन अंगूठा लगवाकर रकम हड़प ली गई। संगठन के अनुसार वर्ष 2023-24 में कोटा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सोढ़ा (छतौना) मुख्य मार्ग के निर्माण व चौड़ीकरण के दौरान जल सिंह बैगा की जमीन अधिग्रहित हुई थी, जिसके एवज में शासन द्वारा उनके नाम 40 से अधिक चेक जारी किए गए। आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने जल सिंह बैगा को डराकर और गुमराह कर चेक अपने कब्जे में ले लिए तथा नगण्य राशि देकर शेष रकम का गबन कर लिया। शिकायत में कहा गया है कि पीड़ित अशिक्षित और सीधे-साधे होने के कारण आरोपियों ने उसका आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक दस्तावेज तथा मोबाइल सिम तक अपने पास रख लिया। पीड़ित को यह भी जानकारी नहीं है कि उसका बैंक खाता किस बैंक में खुलवाया गया। आरोपियों द्वारा विरोध करने पर परिवार को जान से मारने की धमकी देने की बात भी सामने आई है। आजाद युवा संगठन के प्रमुख इशहाक कुरैशी ने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में कुछ स्थानीय व्यक्तियों और बैंक कर्मियों की मिलीभगत की आशंका है तथा यह धोखाधड़ी और कूटरचना का गंभीर मामला है। संगठन ने प्रशासन से पीड़ित किसान को पूरी मुआवजा राशि दिलाने, परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Feb 17, 2026 - 22:11
 0  1
💬 WhatsApp पर शेयर करें
सड़क निर्माण मुआवजा घोटाला किसान के नाम जारी 40 से अधिक चेक हड़पने का आरोप

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0