तोरवा की शकुंतला बर्फ फैक्ट्री सील, नॉन-एडिबल बर्फ की सप्लाई से स्वास्थ्य पर खतरा
रिपोर्ट...राकेश मिश्रा.....बिलासपुर के तोरवा पावर हाउस चौक के पास संचालित शकुंतला बर्फ फैक्ट्री पर नगर निगम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया। जांच में सामने आया कि फैक्ट्री में मछलियों को सुरक्षित रखने के लिए बनाई जाने वाली नॉन-एडिबल बर्फ शहर के गन्ना रस, जूस और आइसक्रीम दुकानों में सप्लाई की जा रही थी, जो जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। नगर निगम ने पूर्व में संचालक वीरेंद्र खरे को नोटिस जारी कर लाइसेंस, पानी की गुणवत्ता रिपोर्ट और अन्य जरूरी दस्तावेज तीन दिन में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे, लेकिन समय सीमा के बाद भी कोई दस्तावेज नहीं दिए गए। इसके बाद संयुक्त जांच में पाया गया कि फैक्ट्री का खाद्य एवं औषधि प्रशासन में वैध पंजीयन भी नहीं था। नियमों के अनुसार मछलियों के लिए उपयोग होने वाली बर्फ में फूड कलर मिलाना अनिवार्य है, ताकि उसे खाने योग्य बर्फ से अलग पहचाना जा सके, लेकिन इसका पालन नहीं किया गया। सिम्स के डॉ. लखन सिंह के अनुसार दूषित बर्फ के उपयोग से गैस्ट्रो, टाइफाइड और पीलिया जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। कार्रवाई के दौरान संचालक ने विरोध भी किया, लेकिन निगम ने फैक्ट्री को सील कर दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


