गुरु रविदास जयंती वर्ष पर भाजपा का समरसता संकल्प अभियान 29 जुलाई से, बिलासपुर में दी जानकारी
बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक देशव्यापी समरसता संकल्प अभियान चलाया जाएगा। इसकी जानकारी मंगलवार को भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने दी। धरमलाल कौशिक ने कहा कि गुरु रविदास महाराज किसी एक समाज के नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के महान संत और पथप्रदर्शक हैं। उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर देशभर के मंदिरों में समरसता दीप महोत्सव के आयोजन से होगी। इसके साथ ही कलश वंदन अभियान के तहत वाराणसी स्थित गुरु रविदास जी की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर की पवित्र मिट्टी से भरे कलश प्रदेश, जिला, मंडल और गांव स्तर तक पहुंचाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 5 अक्टूबर से 5 नवंबर तक सचखंड बल्ला (जालंधर) से सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) तक समरसता यात्रा निकाली जाएगी। कौशिक ने कहा कि अभियान का उद्देश्य गुरु रविदास जी के समता, सामाजिक न्याय, मानवता, सेवा और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना तथा विकसित भारत के निर्माण में सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करना है। पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह, जिला मीडिया प्रभारी केके शर्मा, मीडिया सहप्रभारी दुर्गेश पाण्डेय सहित अन्य पदाधिकारी एवं पत्रकार मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


