प्रदेश में 9 से 23 फरवरी तक ‘स्मार्ट मीटर पखवाड़ा’ मोबाइल पर मिलेगी हर आधे घंटे की बिजली खपत की जानकारी
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा केंद्र सरकार के निर्देशानुसार प्रदेशभर में 9 से 23 फरवरी तक ‘स्मार्ट मीटर पखवाड़ा’ मनाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य आम उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर के लाभों से अवगत कराना और बिजली उपयोग में पारदर्शिता व बचत के प्रति जागरूक करना है। कंपनी द्वारा विभिन्न जोनों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शहर संभाग पश्चिम के नेहरू नगर जोन में 17 फरवरी को नेहरू नगर स्थित सामुदायिक भवन में दोपहर 3 बजे से कार्यक्रम आयोजित होगा। वहीं सरकंडा जोन में 18 फरवरी को बंधवापारा स्थित चंद्र मौली मंदिर परिसर में सुबह 11 बजे से स्मार्ट मीटर पखवाड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार स्मार्ट मीटर के माध्यम से उपभोक्ता अपनी बिजली खपत की मासिक, दैनिक और प्रत्येक आधे घंटे की जानकारी अपने पंजीकृत मोबाइल फोन पर कहीं से भी देख सकते हैं। इससे उपभोक्ता अनावश्यक विद्युत खपत पर नियंत्रण रख सकेंगे और बिजली बिल में बचत कर पाएंगे। कार्यक्रमों में उपस्थित अधिकारियों द्वारा स्मार्ट मीटर से संबंधित शंकाओं का समाधान भी किया जाएगा तथा उपभोक्ताओं को इसकी कार्यप्रणाली और लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी। कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रमों में शामिल होकर स्मार्ट मीटर की सुविधाओं का लाभ उठाएं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


