मनरेगा बचाओ संग्राम मजदूरों के अधिकारों को लेकर कांग्रेस का नेहरू चौक पर धरना, कलेक्ट्रेट घेराव
बिलासपुर। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) में कथित बदलाव के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को नेहरू चौक पर विशाल धरना-प्रदर्शन किया। “मनरेगा बचाओ संग्राम” के तहत आयोजित इस आंदोलन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने कलेक्ट्रेट घेराव कर केंद्र सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा और चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा। “सड़क से सदन तक लड़ाई जारी रहेगी” धरने को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष सड़क से लेकर सदन तक लगातार जारी रहेगा। उनका आरोप था कि केंद्र सरकार की नीतियों से मनरेगा कमजोर हो रही है, जिससे ग्रामीण गरीबों के सामने रोजगार संकट पैदा होगा। प्रदेश कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे 45 दिवसीय राष्ट्रव्यापी अभियान “मनरेगा बचाओ संग्राम” के तहत जिले के विभिन्न विकासखंडों में धरना-प्रदर्शन, जनचौपाल, उपवास और पदयात्रा जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। कार्यकर्ताओं ने तख्तियां और बैनर लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। मजदूरी बढ़ाने और कार्य दिवस बढ़ाने की मांग जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है, लेकिन मनरेगा मजदूरों की मजदूरी में अपेक्षित वृद्धि नहीं की जा रही। उन्होंने न्यूनतम दैनिक मजदूरी ₹400 करने तथा कार्य दिवस 125 से बढ़ाकर 150 दिन करने की मांग की। भुगतान का बोझ केंद्र उठाए — कांग्रेस शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा ने कहा कि मनरेगा की राशि का भुगतान केंद्र सरकार द्वारा किया जाना चाहिए, न कि राज्य सरकार पर इसका अतिरिक्त आर्थिक भार डाला जाए। “काम का अधिकार समाप्त करने की कोशिश” जिला प्रभारी सुबोध हरितवाल ने आरोप लगाया कि योजना में बदलाव कर इसे कानून से हटाकर केवल सरकारी योजना तक सीमित करने की कोशिश हो रही है, जिससे ग्रामीण गरीबों का “राइट टू वर्क” प्रभावित होगा। उन्होंने मनरेगा को उसके मूल स्वरूप में लागू करने की मांग की, जिसमें केंद्र और राज्य की निर्धारित हिस्सेदारी रहती थी। बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता-कार्यकर्ता रहे मौजूद धरना-प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री, शहर अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा, जिला प्रभारी सुबोध हरितवाल, पूर्व विधायक सियाराम कौशिक, पूर्व महापौर रामशरण यादव, महिला कांग्रेस अध्यक्ष सीमा धूतेश सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


