डिघोरा में भव्य कबड्डी प्रतियोगिता का सफल आयोजन, चिंगराजपरा बना विजेता
बिलासपुर - ग्राम पंचायत डिघोरा में 22 फरवरी को भव्य एवं रोमांचक कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस खेल प्रतियोगिता में क्षेत्र की विभिन्न टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। प्रतियोगिता में बिलासपुर शहर के चिंगराजपरा की टीम ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं बिल्हा विकासखंड के ग्राम पंचायत नवागांव बुढा देव कबड्डी टीम ने बेहतरीन मुकाबला करते हुए द्वितीय स्थान हासिल किया। पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से सर्व आदिवासी समाज युवा प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष श्री लव सिदार एवं जनपद सदस्य तखतपुर श्री दिलीप ध्रुव उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया तथा ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं युवाओं को सकारात्मक दिशा देती हैं और नशामुक्त, स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इस अवसर पर सरपंच श्री रामेश्वर यादव एवं उप सरपंच श्री हेमंत निषाद भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। साथ ही ग्राम पंचायत के सभी जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी कार्यक्रम में शामिल हुए। सभी अतिथियों ने सफल आयोजन के लिए आयोजक समिति की सराहना की। यह प्रतियोगिता क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुई। आयोजन शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसके लिए समस्त ग्रामवासियों एवं आयोजन समिति को बधाई दी गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


