बोदरी के होटल शिवा इन की छत पर हुक्का बार पर पुलिस का छापा, सिद्धार्थ गुप्ता गिरफ्तार… लेकिन ‘संचालक कौन?’ बयान से उठे कई सवाल
बिलासपुर। जिले के चकरभाठा थाना क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित हुक्का बार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बोदरी स्थित होटल शिवा इन की छत पर संचालित हुक्का बार में पुलिस ने रेड मारकर हुक्का सामग्री और नगदी सहित करीब 55 हजार रुपये का सामान जब्त किया है। मामले में सिद्धार्थ गुप्ता को आरोपी बनाते हुए गिरफ्तार किया गया है, लेकिन इस कार्रवाई के बाद हुक्का बार के वास्तविक संचालक को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जिले में अवैध रूप से होटल और बार में संचालित हुक्का बार के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना प्रभारी उमेश साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 8 मार्च को बोदरी स्थित होटल शिवा इन की छत पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान आरोपी सिद्धार्थ गुप्ता (39 वर्ष) पिता ओम प्रकाश गुप्ता निवासी होटल शिवा इन, बोदरी के कब्जे से 12 नग हुक्का पॉट, कोयला कोको जेल के 6 पैकेट, 12 स्टैंड, 12 चिलम, 12 पाइप, एक कोल हीटर, तीन प्लास्टिक डिब्बों में सिगरेट तंबाकू युक्त फ्लेवर और 5 हजार रुपये नगद सहित कुल करीब 55 हजार रुपये का सामान जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (COTPA) 2003 की धारा 21(1), 21(2), 27 और 4 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है। हालांकि इस पूरे मामले में एक नया मोड़ तब आया जब कार्रवाई से जुड़ा वीडियो सामने आया। वीडियो में कथित तौर पर हुक्का बार का संचालक खुद को मालिक नहीं बल्कि असिस्टेंट मैनेजर बता रहा है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि यदि सिद्धार्थ गुप्ता केवल असिस्टेंट मैनेजर है तो इस अवैध हुक्का बार का असली मालिक या संचालक कौन है? फिलहाल पुलिस ने सिद्धार्थ गुप्ता के खिलाफ कार्रवाई कर दी है, लेकिन वीडियो में दिए गए बयान के बाद यह मामला और भी उलझता नजर आ रहा है। अब यह देखना होगा कि पुलिस जांच में हुक्का बार के वास्तविक संचालक या मालिक का नाम सामने आता है या नहीं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई में सच्चाई सामने आने के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


